
जुखाला (बिलासपुर)। विद्युत सेक्शन दयोथ के अंतर्गत विद्युत उपभोक्ताओं के लिए बुधवार, वीरवार का दिन परेशानी भरा रहा। लगभग 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोग अंधेरे में रात गुजारने के लिए विवश हो गए।
दयोथ सेक्शन के तहत मंझोत, पंदोह, ब्रह्मपुखर, विनायक घाट, परनाली में विद्युत बोर्ड की उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के सभी दावे खोखले साबित हुए। स्याहुला पंचायत के उपप्रधान गोपाल शर्मा, सुरेश कुमार, किशोरी लाल, रघुवीर शर्मा, शशि शर्मा, बाबू राम शर्मा, प्रेम लाल ने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण सबसे ज्यादा समस्या लोगों को पानी सप्लाई नहीं मिलने के चलते उठानी पड़ी। दिन लोगों को इधर-उधर से ही पानी जुटाना पड़ा। बुधवार को सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। अगले दिन दोपहर बाद बिजली सप्लाई बहाल हुई। यहां पर अधिकतर ही विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। समस्या के बारे भी कई बार अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विद्युत बोर्ड से आग्रह किया है कि समस्या का समाधान किया जाए।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता सत्य प्रकाश वर्मा ने कहा कि पुराने बिजली के पोल बदलने का कार्य किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
