
भिकियासैंण। गौ वंशीय पशुओं की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस ने बृहस्पतिवार की तड़के यहां गगास पुल पर अवैध रूप से रामपुर ले जाए जा रहे 17 बैलों से लदे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में बैलों को ठूंस ठूंस कर भरा गया था, जिस कारण छह बैलों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चालक सहित दो अभियुक्तों को गौ संरक्षण अधिनियम के तहत जेल तथा बैलों को गौ संरक्षण केंद्र बाजपुर भेज दिया है।
थाना पुलिस वृहस्पतिवार की तड़के गगास पुल पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान देघाट क्षेत्र से यूपी 22 टी 6711 संख्या का ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ा दी, पुलिस ने पीछा कर ट्रक रोक लिया। चेकिंग के दौरान ट्रक के अंदर 17 बैल ठूंसे हुए थे। पुलिस ट्रक को थाने ले आई। दम घुटने से छह बैलों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दौल बबनिया मुरादाबाद निवासी चालक साजिद (23), स्वार रामपुर निवासी सरफराज (21) को पशु क्रूरता अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अभियुक्तों ने बताया कि बैलों को देघाट क्षेत्र से गौकशी के लिए रामपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम में प्रभारी धीरेंद्र पंत, एसआई एसपी सिंह, लक्षमण कुमार, महेश कोहली, मो. आजम आदि मौजूद थे।
