ददाहू की सीवरेज ट्रीटमेंट योजना खटाई में

ददाहू (सिरमौर)। शहरी रूप में विकसित हो रही ददाहू पंचायत की सीवरेज ट्रीटमेंट योजना खटाई में पड़ती नजर आ रही है। करीब एक करोड़ की लागत से बनने वाली इस योजना का अभी तक भी प्राक्कलन तैयार नहीं हो पाया है। यह योजना रेणुका बांध प्रबंधन की ओर से तैयार की जानी थी मगर फिलहाल बांध प्रबंधन की ओर से इस योजना में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही।
लोगों का कहना है कि सीवरेज योजना के न बनने से ददाहू क्षेत्र में संकट खड़ा हो रहा है। इसके चलते सारी गंदगी खुली नालियों तथा कुछ मौकों पर सड़कों के ऊपर से भी गुजर रही है। हैरानी इस बात की है कि बांध प्रबंधन पहले इस योजना को लेकर काफी उत्साहित था मगर अब मामला पूरी तरह से ठंडा हो चुका है।
ददाहू पंचायत के प्रधान महेश अग्रवाल ने कहा कि बांध प्रबंधन ने पंचायत को अभी तक कोई सहयोग नहीं दिया है। हालांकि, उन्हें अभी भी योजना के चालू होने की पूरी उम्मीद है।
रेणुका बांध परियोजना के एजीएम पीके कथूरिया ने बताया है कि इसके बारे में बांध प्रबंधन को अभी वन मंत्रालय की स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलते ही सीवेरज प्लान को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

Related posts