दंपति ने निगला जहर, पति की मौत

भगेड़ (बिलासपुर)। हीरापुर पंचायत के कसेह गांव में एक दंपति ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी अस्पताल में उपचाराधीन है। वीरवार को जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना का कारण पारिवारिक कलह माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कसेह गांव निवासी रामदास का बेटा अनिल (32) घुमारवीं में किसी दुकान में काम करता था। बताया जा रहा है कि गत बुधवार शाम उसकी घर में परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तैश में आकर उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहर के प्रभाव के चलते थोड़ी ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। पता चलने पर परिवार के सदस्य स्तब्ध रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सूत्रों के अनुसार अनिल के दम तोड़ देने का खुलासा होने के बाद उसकी पत्नी अनु (26) ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पता चलते ही परिजनों ने उसे बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचाराधीन अनु की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। वीरवार को बिलासपुर में पोस्टमार्टम के बाद अनिल का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना को पारिवारिक कलह का नतीजा माना जा रहा है। वजह चाहे जो भी हो, लेकिन इससे चार व डेढ़ साल के दो बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया है। घटना से गांव के लोग भी हैरान व गमगीन हैं। बहरहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts