
पधर (मंडी)। क्षेत्र के चुक्कू स्कूल में पधर जोन की अंडर-19 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता के समापन में विकास खंड अधिकारी पधर सुभाष गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि विजेता टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया। गौतम ने कहा कि खेलें विद्यार्थी जीवन का अभिन्न अंग है। इस मौके पर उन्होंने पाठशाला में मूलभूत सुविधाओं की कमी को पूरा करने के लिए धन राशि विकास खंड कार्यालय से प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। इससे पहले प्रतियोगिता के संयोजक प्रधानाचार्य लाल सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान दुर्गम क्षेत्र चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थलटूखोड़ और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर का दबदबा रहा। वालीबाल मुकाबले में रावमापा पधर विजेता और थलटूखोड़ उपविजेता रहा। बैडमिंटन में भी पधर विजेता और थलटूखोड़ उपविजेता रहा। कबड्डी में थलटूखोड़ विजेता और रावमापा बरोट उपविजेता रहा। खो-खो में पधर विजेता और कुफरी उपविजेता रहा। लोकनृत्य में थलटूखोड़ विजेता और बरोट उपविजेता रहा। भाषण प्रतियोगिता में उरला विजेता और रोपा उपविजेता रहे। समूहगान में पधर विजेता और गुम्मा उपविजेता रहा। एकल गीत में बरोट विजेता और पधर उपविजेता रहा। वाद्य संगीत में गुम्मा विजेता और पधर उपविजेता रहा। एकांकी में पधर विजेता और हिम रश्मि पब्लिक स्कूल डलाह उपविजेता रहा। इस अवसर पर सीसे रोपा के प्रधानाचार्य बेसर सिंह ठाकुर, द्रंग के प्रधानाचार्य भूप सिंह ठाकुर, एसएमसी प्रधान रंगीलू राम कटारिया मौजूद रहे।
