
मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में खेली जा रही स्व. देवेंद्र वर्की मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को आईआरबी और आईआईटीए ने अपने-अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। पहला मैच थर्ड आईआरबी पंडोह और बाबा क्लब पधर के बीच खेला गया। थर्ड आईआरबी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी कर 20 आवरों में 151 रन बनाए। इसमें विक्रम ने 35 और राजेश ने 26 रनों का योगदान दिया। बाबा क्लब की ओर से लेखराज ने चार ओवर में चार विकेट चटकाए।
विजय ने चार ओवर में दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाबा क्लब पधर की टीम 16.3 ओवर में 84 रनों पर ढेर हो गई। इसमें लेखराज ने सर्वाधिक 22 और विजय ने 17 रन बनाए। आईआरबी की ओर से विक्रम ने चार ओवर में चार और लक्की ने दो ओवर में दो विकेट लिए। थर्ड आईआरबी ने यह मैच 67 रनों से जीता। आईआरबी के विक्रम को मैन द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। दूसरा मैच शक्ति युवा क्लब गुटकर और आईआईटीए के बीच खेला गया। इसमें गुटकर की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। लेकिन फैसला गुटकर की टीम पर भारी पड़ा। गुटकर की टीम 17.1 ओवर में 91 रनों पर सिमट गई। विजय ने 28 और दलजीत ने 20 रन बनाए। आईआईटीए की ओर से कुशल ने चार ओवर में चार, मिथुन ने 1.1 ओवर में दो और कालू ने चार ओवर में दो विकेट लिए। जवाब ने आईआईटीए ने 15.1 ओवर में निर्धारित लक्ष्य को दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसमें अंकित ने 45 और स्वान ने 28 रनों की पारी खेली। गुटकर के गेंदबाज रोहित ने तीन ओवर में दो विकेट लिए। आईआईटीए ने यह मैच आठ विकेट से जीत लिया। कुशल को मैन आफ मैच का खिताब मिला।
