थम नहीं रहा गांवों में गजराज का उत्पात

टनकपुर। पूर्णागिरि मार्ग के जंगल से लगे गांवों में गजराज टहलने को आ ही जाते हैं। बुधवार रात गैंड़ाखाली गांव में घुसे हाथी ने काश्तकारों की करीब चार बीघा धान की फसल रौंदकर डाली। हाथी के उत्पात के प्रति वन विभाग की उदासीनता से ग्रामीणों में खासा रोष बना हुआ है।
जंगल से सटे गांवों में हाथी फसल के दुश्मन बन गए हैं। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद करने के साथ ही उत्पाती गजराज संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं अचानक धमक रहे हाथियों से ग्रामीणों को भी जान का खतरा बना हुआ है। बीती रात मूसलाधार बारिश के बीच गैंड़ाखाली नंबर एक में घुसे हाथी ने जगदीश चंद्र, शंकर लाल, नरेंद्र प्रसाद और सुरेंद्र प्रसाद की करीब चार बीघा में खड़ी धान की फसल बर्बाद कर दी है। ग्राम प्रधान गीता जोशी, विमला देवी, बीडीसी सदस्य कुलदीप चंद्र आदि ने हाथियों का उत्पात रोकने को जल्द कारगर कदम नहीं उठाए जाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

Related posts