
थत्यूड़ (टिहरी)। थत्यूड़, सुक्तियाडा बाजार, खेड़ा और ब्लॉक कालोनी में एक सप्ताह से पेयजल की आपूर्ति ठप है। लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने जल संस्थान के अधिकारिया पर लापरवाही का आरोप लगाया। आपूर्ति बाधित होने का कारण पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होना बताया जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह रावत, महामंत्री अखवीर पंवार, जगत सिंह असवाल, शैलेंद्र नौटियाल, दीपक सजवाण व सुमित कुमार ने बताया कि क्षेत्र के लोग एक किमी दूर प्राकृतिक स्रोत से पानी ढो रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हुए है। उन्होंने दो दिन में जलापूर्ति न होने पर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है। जल संस्थान के ईई पीएस पंवार ने कहा कि थत्यूड़ में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। थत्यूड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में सामान्य रूप से पानी की आूपर्ति हो रही है।
