
चंपावत। प्रशासन ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचक नामावली को सही तरीके से तैयार किया जाए।
डीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव अहम काम है। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं की जानी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। नए नामों को अधिसूचना जारी होने के एक दिन पहले तक जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जिले में पंचायत चुनावों के लिए 367 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वहां तक पहुंच मार्ग की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। खंड विकास अधिकारियों से कहा गया कि वह मौके पर जाकर मतदान स्थलों का निरीक्षण करें। उपजिलाधिकारियों से कहा गया कि वह संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर लें। मतदान के काम में लगाए जाने वाले कर्मचारियों की सूची कंप्यूटर में फीड की जाएगी। तीन दिन के भीतर कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी दीप्ति सिंह, उपजिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, डा. अभिषेक त्रिपाठी, जेएस राठौर, पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस पांगती समेत अन्य विभागों के अधिकारी थे।
