त्रिलोकपुर मंदिर में 1.28 करोड़ का चढ़ावा

नाहन (सिरमौर)। त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बालासुंदरी मंदिर में नवरात्र से लगातार श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर में अभी तक 1 करोड़ 28 लाख 58 हजार 562 रुपये की नकद राशि चढ़ावे के रूप में चढ़ी है। इसके अलावा 114.7 ग्राम सोना एवं 16 किलो 248 ग्राम चांदी भी मंदिर में चढ़ावे के रूप में चढ़ाई गई है। मंदिर में पहले नवरात्र से ही माता के दर्शनों को श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। यहां पर प्रदेश सहित बाहरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व उत्तराखंड से श्रद्धालु माता के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। इस बार अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक भीड़ बताई जा रही है। मेले में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। त्रिलोकपुर मंदिर न्यास समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है।
त्रिलोकपुर मेला इंचार्ज एवं तहसीलदार नाहन आरडी हरनोट ने बताया कि त्रिलोकपुर नवरात्र मेला 15 अप्रैल तक चलेगा। मेले में अभी तक 1 करोड़ 28 लाख 58 हजार 562 रुपये की राशि चढ़ावें के रूप में चढ़ाई गई है। मंदिर में 15 अप्रैल तक श्रद्धालुओं की इसी तरह भीड़ रहने की संभावना है।

बाक्स…
पानीपत के श्रद्धालुओं ने चढ़ाई 33 किलो चांदी की शैय्या
त्रिलोकपुर स्थित मां बालासुंदरी मंदिर में रविवार को पानीपत के श्रद्धालु ईश्वर चंद बंसल ने 33 किलो चांदी की शैय्या मां के चरणों में अर्पित की। उन्होंनेे बताया कि वह माता के बड़े भक्त हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने मंदिर में चांदी का मुख्य दरबार एवं गणेश की मूर्ति भेंट की है। माता कि कृपा से उनके पास किसी चीज की कमी नहीं है।
बाक्स…
पूर्णिमा पर त्रिलोकपुर में होगा विशाल दंगल
त्रिलोकपुर स्कूल मैदान में पूर्णिमा के दिन 15 अप्रैल को विशाल दंगल का आयोजन होगा। त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के सहायक अभियंता शाहीन बेग ने बताया कि दंगल में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली से पहलवान भाग लेंगे। ट्रस्ट की ओर से दंगल के लिए 2 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। इसमें बड़ी माली जीतने वाले को 31 व 21 हजार तथा छोटी माली जीतने वाले को 21 व 11 हजार की राशि दी जाएगी। दंगल दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।

Related posts