
हल्द्वानी। नगरनिगम कार्यालय में सरेआम हमला करने वाले बुग्गी वाले हो सकते हैं। पुलिस की पड़ताल और निगम अधिकारियों की आशंका इसी बिंदु पर अटक गई है। गौलापार बाईपास स्थित स्लाटर हाउस में कूड़ा डालने को लेकर नगरनिगम और बुग्गी वालों में पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था। निगम कार्यालय में पथराव होने से पहले मंगलवार सुबह ट्रंचिंग ग्राउंड में बुग्गी वालों और निगम के सफाई कर्मियों के बीच कहासुनी हुई। बुग्गी वालों की दादागिरी से कूड़ा फेंकने गए सफाई कर्मचारी कूड़े से लदे वाहन को वापस लेकर निगम कार्यालय आ आए। इसके बाद ही कार्यालय में हमला हो गए।
बाईपास में नगरनिगम का ट्रंचिंग ग्राउंड है। इसी ग्राउंड में शहर का कूड़ा फेंका जाता है। ट्रंचिंग ग्राउंड कूड़े से भर गया है। निगम अब स्लाटर हाउस के पास कूड़ा फेंक रहा है। इसके पास ही बुग्गियों के आने एवं जाने का रास्ता भी बना है। कूड़ा फेंके जाने से बुग्गियों का रास्ता बंद हो रहा है, जिससे बुग्गी वाले नाराज हैं। स्लाटर हाउस के पास कूड़ा फेंके जाने का बुग्गी वालों का विरोध होने पर सोमवार को सहायक नगर अधिकारी नीरज जोशी और नगर स्वास्थ्य अधिकार तुहिन कुमार निरीक्षण भी किया। इसके बाद बुग्गी वाले शांत हो गए।
मंगलवार सुबह सफाई कर्मी कूड़ा फेंकने गए तो बुग्गी वालों से कहासुनी हो गई। बुग्गी वालों ने कूड़े से लदी गाड़ी नहीं उतरने दी। सफाई कर्मी कूड़े से लदे वाहन को वापस लेकर निगम कार्यालय पहुंच गए। इसके ठीक आधे घंटे बाद अज्ञात लोगों ने निगम कार्यालय पर हमला बोल दिया। हमलावर कौन थे? देर रात तक इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस अफसरों और मुख्य नगर अधिकारी की पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद बुग्गी वालों से सफाई कर्मियों के तनाव की बात उजागर हुई है। पुलिस की जांच अब इसी बिंदु पर केंद्रित हो गई है।
कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी
निगम कार्यालय पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी आंदोलित हो गए हैं। सड़क जाम लगाने के बाद कर्मचारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी दे दी है। कर्मचारी नेता राहत मसी, अमरदीप चौधरी और बांकेलाल ने कहा कि सफाई कर्मियों को सुरक्षा दी जाए।
निगम से सटे थाने में नहीं लगी भनक
निगम कार्यालय से थाने की दूरी मात्र 100 मीटर है। निगम कार्यालय में अज्ञात लोगों की अराजकता के बाद भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। जबकि निगम से मात्र 50 मीटर की दूरी पर नैनीताल जिला सहकारी बैंक चौराहे पर पुलिस तैनात रहती है। पुलिस जब तक निगम पहुंची हमलावर वहां से भाग निकले। हालांकि, इसके बाद देर शाम तक निगम कार्यालय में फोर्स तैनात रही।
