तो बिना वाहन आएं समर फेस्टिवल देखने

शिमला। समर फेस्टिवल में इस बार पार्किंग की किल्लत होगी। एक से पांच जून तक चलने वाले इस उत्सव में बंधित और प्रतिबंधित सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी करने की स्वीकृति इस बार नहीं होगी। यह पहली बार है कि पाबंदी लगाई गई है। इससे पहले स्थानीय लोगों को समर फेस्टिवल के दौरान गाड़ियां खड़ी करने की छूट थी।
शहर के प्रवेश द्वारों मैहली, ढली, ओल्ड बैरियर और शोघी में नाके लगेंगे। समारोह स्थल रिज को सुरक्षा के मद्देनजर चार सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर का जिम्मा एक पुलिस अफसर पर रहेगा। यहां प्रत्येक गेट पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए बिना वर्दी जवान तैनात होंगे। सुरक्षा का जिम्मा तीन सौ पुलिस कर्मचारियों पर होगा। समारोह स्थल से अस्पताल की ओर जाने वाली सड़कों के किनारे पहली मर्तबा एंबुलेंस निकलने की जगह बनाई जा रही है। लेकिन इस रास्ते 108 एंबुलेंस नहीं जा पाएगी। इस बार रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। समारोह स्थल के इर्द गिर्द अंधेरा होने के कारण शरारती तत्व हुड़दंग मचाते हैं लेकिन इस बार रोशनी का इंतजाम किया गया है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने दी।

Related posts