तो फिर कैसे रुकेंगी हाइवे पर दुर्घटनाएं

कालाअंब (सिरमौर)। उद्योग नगरी कालाअंब में यातायात से जुडे़ ट्रैफिक संकेतों का नामोनिशान नहीं है। विशेष कर कालाअंब से लेकर मोगीनंद तथा कालाअंब से त्रिलोकपुर सड़क मार्गों पर ऐेसे कोई भी संकेत नहीं लगाए गए हैं। दो महीनों में ही कालाअंब-नाहन हाइवे पर 18 बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन दुर्घटनाओं में अभी तक 4 नाबालिगों सहित 15 लोग घायल हो चुके हैं।
स्थानीय निवासियों में महिंद्र सिंह, गौरव गोयल, नरेंद्र, श्याम लाल, यशपाल तथा त्रिलोकपुर निवासी संजय कुमार, नरेश कुमार, यशवंत सिंह, राजेश कुमार, मोगीनंद से नरेंद्र, श्याम कुमार, धनवीर सिंह तथा प्रदीप कुमार ने कहा कि एनएच-72 पर यातायात संबंधी बोर्ड न होने से स्थानीय वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र के कुछ बुद्धिजीवियों ने कहा कि कई बार यातायात संकेत न होने के कारण वाहन अचानक बीच हाइवे पर रुक जाते हैं। इस कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा पैदा हो जाता है। लोगों ने जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार से मांग की है कि कालाअंब से लेकर नाहन मोगीनंद तक यातायात से संबंधित जानकारियां तथा बोर्ड संकेतों के रूप में लगाए जाएं।
त्रिलोकपुर पंचायत के उपप्रधान प्रदीप कुमार और कालाअंब पंचायत के प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पंचायत प्रतिनिधि उपायुक्त से मिलकर समस्या का समाधान करवाने की मांग करेंगे। हाईवे पर यातायात संबंधी संकेत बोर्ड हर हाल में स्थापित करवाए जाएंगे।

Related posts