…तो पेंशन के लिए आधारकार्ड जरूरी

नई टिहरी। अब समाज कल्याण विभाग से पेंशन के लिए आधार कार्ड होना जरूरी है। ऐसा न होने पर पेंशन का लाभ नहीं मिल पाएगा। डाकघर अधीक्षक की ओर से पेंशनधारियों को यह फरमान जारी किया गया है। जबकि जिले के अधिकांश क्षेत्रों में अब तक आधारकार्ड बनने का काम भी शुरू नहीं हो पाया है। डाक विभाग के इस फरमान से पेंशनधारक परेशान हैं।
समाज कल्याण विभाग की ओर से विधवा, विकलांग और वृद्धावस्था पेंशन का वितरण डाकघरों और बैंकों के माध्यम से किया जाता है। पर्वतीय क्षेत्र में पेंशनधारकों के अधिकांश खाते पोस्ट आफिस में है। अकेले टिहरी जिले में ही पोस्ट आफिसों के माध्यम से 86 हजार लोगों को पेंशन का भुगतान किया जाता है। डाकघर के अधिकारियों ने पेंशनधारकों को आधारकार्ड का पंजीकरण नंबर जमा करने का फरमान जारी कर मुसीबत बढ़ा दी है। जिले में आधारकार्ड बनाने वाली एजेंसी के समन्वयक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि टिहरी जिले में अब तक सिर्फ एक लाख लोगों के ही आधार कार्ड बन पाए हैं।

इनका कहना है
शासन स्तर से ही पेंशनधारकों को आधार कार्ड का पंजीकरण जमा करने की व्यवस्था की गई है। यह इसलिए भी किया गया ताकि पात्र व्यक्ति को ही पेंशन का लाभ मिले। जिन लोगों के आधारकार्ड अब तक नहीं बने है, उन्हें इस बार पेंशन निर्गत की जाएगी। लेकिन उन्हें जल्द ही पंजीकरण जमा करना होगा। -केएस मेहरा डाकघर अधीक्षक नई टिहरी

हमारे गांव में अब तक आधार कार्ड नहीं बना है। समाज कल्याण विभाग की ओर से गांव के 15 से अधिक लोगों को पेंशन जारी की जाती है। जब आधारकार्ड बने ही नहीं है तो पोस्ट आफिस द्वारा इस संबंध में फरमान जारी करने का औचित्य समझ से परे है। -विद्या देवी वृद्धावस्था पेंशन धारक रमोल गांव

वृद्धा, विकलांग और वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि अगले माह से सीधे उपभोक्ताओं के खाते में जमा होगी। इस माह तो पेंशन भेजी जा रही है, लेकिन भविष्य में आधार कार्ड की छाया प्रति उपलब्ध होने के बाद ही खातों में पेंशन पहुंचेगी। – आरपी बहुगुणा जिला समाज कल्याण अधिकारी

Related posts