तो दोबारा बनेंगे मुफ्त बस यात्रा के पास

शिमला। जिला प्रशासन की ओर से शिक्षा विभाग को एचआरटीसी बसों में मुफ्त बस सुविधा के लिए एक ही रंग के बस पास जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त डा. एनके लट्ठ ने शनिवार को जिला के समस्त विभागाध्यक्षों की बैठक के दौरान यह निर्देश जारी किए। डा. लट्ठ ने बताया कि जिले में स्कूली विद्यार्थियों का परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने उप निदेशक उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश जारी किए कि सभी विद्यालयों के लिए एक जैसे रंग के बस पास जारी कराएं ताकि बस पासाें में समानता दिखे। उन्होंने सभी विभागों को उन्हें दिए गए लक्ष्य तय समय पर पूरे करने के भी निर्देश दिए। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजेश धीमान ने बताया कि जिला शिमला में सरकारी भवनों में चल रही सभी आंगनबाड़ियाें में शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। बैंकों द्वारा जलाई जा रही योजनाओं को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के लिए 12 जुलाई को कोटखाई और सुन्नी में और बीस जुलाई को ठियोग में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

अधिकारियों से फोन पर करें राशनकार्ड की पूछताछ
अतिरिक्त उपायुक्त डा. एनके लट्ठ ने बताया कि जिला में 17 जुलाई तक डिपो में ही राशन कार्ड बनाए जाएंगे। किसी भी जानकारी के लिए लोग सीधे सक्षम अधिकारियों से पूछताछ कर सकते हैं। शिमला शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता नियंत्रक, जिला खाद्य एवं आपूर्ति मामले से 2657022 तथा मोबाइल 94181-26156 पर संपर्क कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता जिला पंचायत अधिकारी से 94184-59696 व 01772657028 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related posts