तेलका के छह गांव में बिजली गुल

तेलका (चंबा)। क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में चार दिन से बिजली गुल है। मौजूदा समय में लगभग 90 परिवारों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही हैं। आसमानी बिजली गिरने के कारण मौड़ा में लगा बिजली बोर्ड का ट्रांसफार्मर जल गया है। इसके कारण मौड़ा एक और दो, खिल्ला, काशणी, शिनाल और बंजेडू गांवों में चार दिन से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। क्षेत्र की करीब 250 आबादी इस समस्या से जूझ रही है।
स्थानीय निवासी इकबाल मोहम्मद, हनीफ मोहम्मद, प्रिथु, राकेश, धन्नी राम, शिव कुमार, फारूक खान, निधिया राम, राजेंद्र, चमन सिंह, रमेश कुमार और चैन लाल के अनुसार बिजली न होने के कारण काफी परेशानी आ रही है। बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों से मांग की है कि मौड़ा में या तो नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए या फिर पुराने ट्रांसफार्मर की रिपेयर कर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। वहीं इस संबंध में बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अनुभाग तेलका सुभाष मांडला ने बताया कि ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण दिक्कतें पेश आई हैं। मौसम साफ होते ही ट्रांसफार्मर को ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Related posts