
चंबा। ग्राम पंचायत बरौर के गांव सेल में तेंदुए ने 11 बकरियां मार डाली हैं। इससे पशु पालक को लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को स्वार दीन पुत्र यूसफ निवासी सेल ने अपनी बकरियां घर के साथ लगते जंगल में चरने के लिए छोड़ी थीं। रात के समय तेंदुए ने बकरियों पर हमला कर दिया और एक-एक करके 11 बकरियां मार डाली। सुबह जब स्वार दीन अपनी बकरियों को देखने गया तो बकरियां वहां से गायब मिली। इसके बाद उसने बकरियाें की तलाश शुरू कर दी। तलाश करने पर जगह-जगह बकरियां मरी हुईं मिली। यह देख स्वार दीन के होश उड़ गए। इसके बाद उसने स्थानीय पंचायत प्रधान विजय भारद्वाज को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे। इसके बाद पशु चिकित्सालय साहो के डाक्टर को पोस्टर्माटम के लिए बुलाया गया। डाक्टर चमन सिंह ने बकरियों का पोस्टमार्टम किया। उन्होंने कहा कि सोमवार को इसकी रिपोर्ट पशु पालक को सौंप दी जाएगी। उधर, पंचायत प्रधान विजय भारद्वाज व पूर्व बीडीसी सदस्य बशीर अहमद ने बताया कि स्वार दीन भेड़ बकरियां पाल कर ही अपने परिवार का पालन पोषण करता था, लेकिन तेंदुए ने उसकी बकरियां मार डाली हैं। इस कारण उसे घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि तेंदुए के हमले से स्वार दीन को लगभग 70 हजार का नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पशु पालक को नुकसान का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि तेंदुए के हमले से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को पकड़ा जाए।
