तेंदुए की हड्डियों के साथ गिरफ्तार

अल्मोड़ा। पुलिस ने तेंदुए की हड्डियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इन हड्डियों को कहीं बाहर भेजने के फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है जबकि हड्डियां वन विभाग के हवाले कर दी गई हैं।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी राजेंद्र सिंह रावत निवासी गोलना करड़िया के पास एक थैले में रखी तेंदुए की दो किलो 700 ग्राम हड्डियां बरामद कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी तेंदुए की हड्डियों को कहीं बाहर भेजने के फिराक में था। आरोपी का कहना है कि उसने करीब दो साल पहले किसी कंजर से यह हड्डियां खरीदी और तब से इन्हें बेचने की कोशिश में था।
पुलिस ने आरोपी को वन्य जीव अधिनियम के अतंर्गत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह भी आशंका है कि कोई गिरोह तेंदुए को मारकर उनकी हड्डियां बेचने के काम में सक्रिय हो सकता है। हालांकि ऐसा कोई अन्य मामला पकड़ में नहीं आया है। सीओ केएस ह्यांकी ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद हड्डियां वन विभाग को सौंप दी गई हैं। वन विभाग इनकी फोरेंसिक जांच कराएगा। क्षेत्र में तेंदुए की हड्डियां पकड़े जाने का यह पहला मामला है।

Related posts