
चैलचौक (मंडी)। चैलचौक क्षेत्र के धयाहण गांव में तेंदुए की दहाड़ से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। गत रात गांव के समीप तेंदुए की दहाड़ से लोग घरों में दुबके रहे। क्षेत्र के धयाहण, कोहलू, फंगोट, गदयाहड़ा, नैहरा, काथला, तड़ाई, बाल्हड़ी, मौवीसेरी आदि क्षेत्रों के ग्रामीण तेंदुए से भयभीत हैं। धयाहण गांव निवासी रमेश, सुनीता, बृजलाल, विशाल चंद, महेश कुमार, बिट्टू आदि ने बताया कि शाम ढलते ही तेंदुआ गांव की तरफ आ जाता है। शनिवार रात तेंदुए के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ जबराट और पत्थरी बीटों में घूम रहा है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। गोहर ब्लॉक प्रधान संघ के प्रधान लाला राम कश्यप ने कहा कि पत्थरी और जबराट बीट में तेंदुए की चहल कदमी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
