तेंदुआ पकड़ने के लिए शिवपुरी में लगाया पिंजरा

शिमला। हिमलैंड के समीप शिवपुरी में तेंदुए को पकड़ने के लिए मंगलवार को निगम की वन शाखा ने पिंजरा लगा दिया है। मंगलवार देर शाम तक वन शाखा के कर्मी फारेस्ट गार्ड जगदीश चंद शर्मा की अगुवाई में स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाकर सही स्थान पर पिंजरा लगाने में जुटे रहे। उधर, तेंदुए के हमले से घायल परमानंद शर्मा का मंगलवार को कुशलक्षेम पूछने नगर निगम के अफसर आईजीएमसी पहुंचे। नगर निगम की वन शाखा के रेंज आफिसर सुशील कुमार ने अस्पताल जाकर घायल से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की और मुआवजे की राशि लेने का नियम बताया। वन अफसर मुआवजे की राशि का आंकलन करने में भी जुट गए हैं। निगम के वन मंडलाधिकारी इंद्र कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाकर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है।
रविवार रात को शिवपुरी से कनलोग की ओर जा रहे परमानंद शर्मा पर तेंदुए ने घात लगाकर हमला किया था। परमानंद शर्मा की बाजू बुरी तरह से नोच डाली है। मंगलवार को दिन भर परमानंद का उपचार हुआ। बुधवार को जख्म थोड़ा ठीक होने पर वास्तविक स्थिति का पता चलेगा कि बाजू को कितना नुकसान हुआ है। परमानंद शर्मा के बेटे दीपक शर्मा ने बताया कि बुधवार को ही सही स्थिति का पता चलेगा कि कहीं बाजू में संक्रमण तो नहीं हो गया है। उन्होंने बताया कि अब पिता पहले से ठीक हैं। उधर, नगर निगम के रेंज आफिसर सुशील कुमार ने बताया कि घायल परमानंद शर्मा को मुआवजा देने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।

Related posts