तूफान व बारिश से सेब-गेहूं को नुकसान

चंबा । तेज तूफान और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, वहीं किसान और बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है। शुक्रवार रात को आए तेज तूफान और बारिश के चलते सेब व गेहूं की फसल को काफी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शनिवार को भी तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहा। उधर, तूफान से किसानों और बागवान को नुकसान भी हुआ है। बारिश होने के बाद अब लोगों ने गर्मी की तपिश से काफी हद तक राहत पाई है।
बारिश होने से तापमान लुढ़क गया है, मौसम ठंडक भरा हो गया है। तूफान के कारण सिहुंता व आसपास के इलाकों में लाइट भी गुल रही। इसके अलावा चंबा शहर व अन्य जगहों पर भी तूफान के कारण बिजली बंद होती रही। वहीं, भरमौर की ऊपरी पहाड़ियों मणिमहेश, कुंगति, चौबियों जोत पर हल्की हिमपात हुआ है। इससे इलाके में मौसम ठंड भरा हो गया है। लोगों को ठंड से बचने के लिए स्वेटर पहनने पड़े हैं। डलहौजी और खज्जियार में भी काफी ठंड महसूस की गई है। सुबह-शाम लोग स्वेटर डाल रहे थे, मगर शनिवार को दिन में भी स्वेटर डालने पड़े हैं। वहीं, तूफान बागवानों के लिए भी आफत बनकर आया। तूफान से 30 प्रतिशत तक सेब की फसल प्रभावित हुई है। उद्यान विभाग के खंड उद्यान अधिकारी डा. रमन अंगारिया ने बताया कि तूफान से फूल पौधों से अलग हो गए हैं। पूरे जिला में 30 प्रतिशत सेब की फसल प्रभावित हुई है।
वहीं जिला में इन दिनों गेहूं कटाई का काम भी चल रहा है। ऐसे में कटी गई गेहूं भी भीग जाने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि बारिश मटर, आलू और सब्जियों की पैदावार के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। तूफान आने से खेतों में गेहूं भी ढह गई है। इससे 10 फीसदी से अधिक नुकसान हो सकता है।

Related posts