
भरमौर (चंबा)। स्थानीय थाना के तहत उपली गुवाड़ गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौत के बाद उसके ससुराल वाले पेट दर्द व हार्ट अटैक से हुई मौत का बहाना बनाकर गुपचुप तरीके से उसका संस्कार करने वाले थे। इस बीच विवाहिता के पिता ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया और जांच के बाद पता चला कि विवाहिता की मौत फंदा लगाने से हुई है। पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान कर चल रही है, वहीं विवाहिता के पिता ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कूंर निवासी चुनी लाल पुत्र हरदियाल की बेटी सपना ने करीब एक साल पहले ही तूंदाह के निवासी पुरुषोत्तम पुत्र तारू राम से प्रेम विवाह किया था। लड़की के पिता ने बताया कि विवाह के बाद से उसका दामाद बेटी को अपने मायके नहीं आने देता था और आए दिन प्रताड़ित करता रहता था। उन्होंने आशंका जताई है कि सपना को पीट कर मारा गया है और फिर उसे फंदे पर लटकाया गया है। चंबा पहुंचे छतराड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान कर्णदास ने बताया कि सपना ने रविवार को सुबह 11 बजे ही अपनी मां से फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने किसी प्रकार की बीमारी की शिकायत नहीं की थी। इसके कुछ ही समय बाद सपना की मौत हो गई। उधर, एसपी जगतराम ने बताया कि पुलिस ने लड़की के पिता के बयान पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सपना के पति पुरुषोत्तम के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 और 498 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने और उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करवाया है और इस मामले में हर पहलु की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सपना ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
