
काशीपुर। तुमड़िया डैम की मियाद 50 साल पूरी हो चुकी है। इसके पुनर्निर्माण के लिए भारत सरकार ने 31 करोड़ रुपया मंजूर किया है। जिसकी पहली किश्त के रुप में 10 करोड़ रुपया भी स्वीकृत हो गया है। निर्माण की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। पुनर्निर्माण कार्य आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की सलाह से होगा।
जिला ऊधमसिंह नगर में शारदा सागर, नानक सागर, बैगुल, धौरा, बौर जलाशय, हरिपुरा और तुमड़िया डैम है। सिंचाई खंड काशीपुर के अधिशाषी अभियंता आरएस आर्य ने बताया कि तुमडिया डैम को 50 साल हो गए हैं। इसकी दीवारें कमजोर और क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई स्थानों पर लीकेज होने लगा है। इसके पुनर्निर्माण को केंद्र सरकार ने 31 करोड़ रुपया मंजूर किया है। 10 करोड़ रुपये की पहली किश्त स्वीकृत हो गई है। पुनर्निर्माण में एचजी लाइन मरम्मत होगी। दीवार में मिट्टी डालकर डैमेज ठीक किया जाएगा। साथ ही रेत डालकर लीकेज बंद की जाएगी।
दीवार के बाहर लगे 150 रिलीज वॉल्वों की मरम्मत होगी। 40 नए वॉल्व भी लगाए जाएंगे। जलाशय की पूरी तरह से सफाई होगी। दीवार की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी, जिससे जल भराव की क्षमता बढ़ जाएगी। पुनर्निर्माण के बाद डैम पूरी तरह से नया हो जाएगा। मरम्मत के बाद इसकी मियाद लगभग 40 साल और बढ़ जाएगी।
