तुंगल में भाजपा प्रत्याशी ने किया प्रचार

कोटली (मंडी)। कांग्रेस का गढ़ रहा सदर चुनाव क्षेत्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के गृह क्षेत्र तुंगल में लोकसभा उप चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने चुनावी हुंकार भरी। जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्री और विधायक सदर चुनाव क्षेत्र के आदर्श होने का झूठा प्रचार करते आ रहे हैं। विकास की दृष्टि से यह क्षेत्र दूसरे क्षेत्रों के मुकाबले काफी पिछड़ा है।
चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि तुंगल के जिस भी गांव में वह प्रचार के लिए गए वहां लोग पेयजल समस्या से परेशान दिखे। आईपीएच का साईगलू सब डिविजन भाजपा की देन है। यदि उन्हें सांसद बनने का मौका मिला तो वह हमेशा इस क्षेत्र की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने वीरवार को कांग्रेस की मंडी रैली को फ्लाप शो करार दिया। तुंगल मुख्यालय कोटली पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयराम ठाकुर का जोरदार स्वागत किया। जयराम ने रंधाड़ा, तल्याहड़, गोखड़ा, साईगलू, सलेतर, कड़कोह, खलाणू, बरनोटा, कोट तथा भरगांव आदि गांवों का दौरा करके लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व विधायक डीडी ठाकुर, कन्हैया लाल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष पाल वर्मा, सदर मंडलाध्यक्ष भुवनेवर ठाकुर, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, मंडल महामंत्री राम लाल शर्मा, नरेंद्र गुलेरिया, महिला मोर्चा सुमन, पूजा तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य अरुण कुमार आदि उपस्थित रहे।

Related posts