
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी में शारदीय नवरात्रों के चलते सोमवार को भारी जन सैलाब मां ज्वाला के दर्शनों को उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में दर्शनाें के लिए लग गई। श्रद्धालुओं को चेकिंग के बाद परिक्रमा मार्ग से दर्शनों के लिए भेजा गया। वहीं सोमवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन कर मां से आशीर्वाद मांगा। इसके अलावा दूसरे नवरात्र पर श्रद्धालुओं ने 5 लाख 66 हजार 857 रुपये नकद व 11 ग्राम सोना, 460 ग्राम चंादी अर्पित किए।
वहीं मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मुंडन भी करवाए। मंदिर ट्रस्ट प्रधान दिव्यांशु भूषण, सुरेंद्र काकू, भवानी दत्त, वेनी माधव, पवन शर्मा, संजीव सूद, पार्वती शर्मा, प्रेमानंद, धर्मपाल भी मंदिर में हर गतिविधि पर पूरी नजर रख रहे हैं। मंदिर में बेहतर व्यवस्था बनाने पर मंदिर न्यास का पूरा सहयोग भी न्यास सदस्याें की ओर से किया जा रहा है। मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा ने कहा कि नवरात्र में भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बज्रेश्वरी : पंद्रह हजार ने किए देवी दर्शन
कांगड़ा। शक्तिपीठ बज्रेश्वरी मंदिर में नवरात्र मेले के तीसरे दिन 15 हजार श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के लिए कतारें लगनी शुरू हो गईं थीं। मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने बताया कि दूसरे नवरात्र मेले में यात्रियों ने दो लाख साठ हजार 865 रुपये नगदी और 215 ग्राम चांदी चढ़ाई। दावा किया कि मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
चामुंडा : तीन हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
चामुंडा (कांगड़ा)। श्री चामुंडा देवी मंदिर में तीसरे नवरात्रे को तीन हजार श्रद्धालुआें ने मंदिर में शीश नवाया। मंदिर अधिकारी सुराज सिंह ने बताया कि मंदिर में कतारबद्ध तरीके से मां के दर्शन करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह चार बजे ही श्रद्धालु मंदिर में मां के दर्शन करने पहुंच गए थे।
