तीसरे दिन मिल रहा है लोगों को पानी

सरकाघाट (मंडी)। गर्मियों का मौसम शुरू होते ही सरकाघाट उपमंडल में पेयजल संकट गहराने लगा है। इससे लोगों को पेयजल दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नलों में पानी की आपूर्ति न होने से क्षेत्रवासियों को प्राकृतिक जल स्रोतों का रुख करना पड़ रहा है, जबकि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में लगाए गए हैंडपंपों में जंग लगने के कारण उनसे लाल पानी निकल रहा है, जो पशुओं के पीने योग्य भी नहीं है। क्षेत्र के चम्याणु, नालटा, सरसेहड़ा, हरी-सयमला व बरच्छवाड़ पंचायत के थमेड़ा आदि गांवों में पानी की आपूर्ति तीसरे दिन हो रही है। नदी नालों पर बनी अनेकों पेयजल योजनाओं में जल स्तर कम होने से लोगों को पेयजल आपूर्ति नहीं मिल रही है। यदि मौसम का मिजाज नहीं बदला तो क्षेत्र में पेयजल गंभीर समस्या बन सकता है। संधोल पंचायत के उपप्रधान कुलदीप ठाकुर, पूर्व प्रधान राज कुमार, धर्म सिंह ठाकुर, हिमाचल किसान सभा के जिला सह सचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों की सुविधा के लिए विभाग और प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी तरह की योजना तैयार नहीं की गई है। पेयजल न मिलने से जहां लोगों का सारा दिन पानी लाने में गुजर रहा है, वहीं स्कूली बच्चों को भी पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उक्त लोगाें ने विभाग और प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही पेयजल सुविधा के लिए ठोस योजना बनाई जाए ताकि लोगों को पेयजल संकट से निजात मिल सके।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस राणा ने कहा कि विभाग ने मौसम के मिजाज को देखते हुए तथा लोगों को पेयजल मुहैया करवाने के लिए विभागीय कर्मचारियों का अवकाश स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों को विभाग द्वारा हर हाल में पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा।

बाल्ट में गहराने लगा है पेयजल संकट
मंडी। बल्ह विकास खंड की ग्राम पंचायत बाल्ट में पेयजल संकट गहराने लगा है। हालांकि, विभाग की ओर से हाल ही में एक नई योजना का लोकार्पण किया गया है, परंतु तकनीकी खमियों के चलते यह योजना हांफने लगी है। स्थानीय पंचायत के प्रधान दिनेश कुमार प्रेमी ने बताया कि इस योजना के लिए लस्सी का पाधर से पानी उठाया गया है और टांडा डेवरी स्थान पर टैंक का निर्माण किया गया है, लेकिन इतनी दूरी से पानी उठाने के लिए कम क्षमता की मोटरें लगाई गई हैं। इससे पानी पुरी तरह से भंडारण टैंक तक नहीं पहुंच पाता है। इस समस्या के समाधान में लोगों का प्रतिनिधिमंडल आईपीएच मंडल बग्गी के अधिशासी अभियंता से भी मिल चुका है, लेकिन इस समस्या के समाधान की ओर कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया है। पंचायत प्रधान ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन लोगों को आईपीएच कार्यालय का घेराव करना पड़ेगा।

Related posts