
लोहाघाट। बाराहीधाम में इस वर्ष होने वाला बग्वाल मेला नए कलेवर के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसमें आने वाले तीर्थयात्रियों को विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने मंगलवार शाम को बाराहीधाम में मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम का चार्ज लेने के बाद पहली बार लोहाघाट पहुंचने पर उनका पीठाचार्य कीर्ति शास्त्री, संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य बीसी जोशी, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लाल सिंह चम्याल, जीडी पंतोला, बंशीधर मुरारी, बिशन चम्याल, हयात बिष्ट, रमेश राम, जसौद बिष्ट, दिवान सिंह बिष्ट, डीएन जोशी आदि ने उनका स्वागत किया। पीठाचार्य ने उन्हें ऐतिहासिक बग्वाल मेले की धार्मिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी। इससे पूर्व उन्होंने मंदिर में दर्शन किए ।
मंदिर कमेटी ने परिक्रमा मार्ग के अलावा वालिक से पाटी तक सड़क मार्ग की हालत ठीक करने, खामों के आने वाले पैदल रास्तों की मरम्मत, महाविद्यालय में निर्माणाधीन भवन की शीघ्र छत डालने, हाईमास्ट लाइट को सुचारू करने की मांग की। डीएम ने अलग से प्रशासनिक बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने एसडीएम प्रत्यूष सिंह से राजस्व अतिथिगृह में चौकीदार नियुक्त करने का निर्देश दिया। इस मौके पर विनोद चम्याल, त्रिभुवन चम्याल, रमेश राणा आदि के अलावा तहसीलदार बीएस माहरा तथा रेंजर जीडी भट्ट भी मौजूद थे।
