तीर्थयात्रियों की गाड़ी अलकनंदा में समाई, पांच की मौत

जोशीमठ। हेमकुंड साहिब से दर्शन कर लौट रहे भटिंडा (पंजाब) के तीर्थयात्रियों का वाहन मंगलवार की देर शाम मारवाडी पुल के पास अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। दुर्घटना में पांच तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस और आपदा विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है।
प्राप्त विवरण के मुताबिक भटिंडा (पंजाब) के तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब के दर्शन को आए थे। मंगलवार की देर शाम तीर्थयात्रियों का दल टवेरा गाड़ी से लौट रहा था। इसी बीच जोशीमठ में मारवाडी पुल के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। जोशीमठ थानाध्यक्ष रामी राम ने बताया कि दुर्घटना में चार यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। दुर्घटना की वजह से बदरीनाथ हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद ही यातायात सुचारु हो सका।

Related posts