तीन साल में नहीं बनीं तीन किलोमीटर सड़क

भगेड़ (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहना जट्टां में कोठी-समोहड़ी-नलयार संपर्क सड़क कार्य अधर में लटक गया है। करीब तीन वर्ष पूर्व राशि स्वीकृत होने के बाद भी इस सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण के लिए गांव के लोगों ने स्वेच्छा से अपनी जमीन के हलफनामे लोक निर्माण विभाग को सौंप दिए हैं।
करीब तीन वर्ष पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिखी राम कौंडल ने इस संपर्क सड़क के निर्माण के लिए दो लाख 10 हजार की राशि स्वीकृत की थी। अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। संबधित विभाग तीन वर्ष में मात्र तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं करवा पाया है। स्थानीय निवासी प्रेम सिंह, श्यामलाल, जगदीश शर्मा, मदन लाल, देवराज, अशोक कुमार, होशियार सिंह, सीता राम, शीतला, विनय, विपिन कुमार, कृष्ण दयाल, राम प्यारी, सोनी राम, चंदू राम सहित अन्य ने कहा कि सड़क सुविधा के लिए उन्होंने अपनी जमीन विभाग के नाम कर दी है। सड़क सुविधा न होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबधित विभाग से मांग की है कि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए ताकि लोगों को समस्या नहीं उठानी पड़े।
उधर, इस बारे में लोक निर्माण विभाग गेहड़वीं के कनिष्ठ अभियंता नरेश चंदेल ने कहा कि अभी तक सड़क की जमीन विभाग के नाम नहीं हुई है। विभाग के नाम जमीन होने पर जल्द ही इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts