तीन माह से नहीं मिल रही रसोई गैस

चौपाल (शिमला)। पंचायत समिति चौपाल की बैठक वीरवार को अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन मेहता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चौपाल उपमंडल में रसोई गैस की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों ने कहा कि चौपाल में एक सिलेंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। क्षेत्र के कई गांवों में तो तीन-तीन माह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं की गई है। बैठक में उपस्थित चौपाल गैस डिपो के प्रभारी वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि चौपाल में करीब 11 हजार उपभोक्ता हैं, लेकिन प्लांट से हर माह मात्र चार हजार सिलेंडर ही चौपाल भेजे जा रहे हैं। इस कारण लोगों को रसोई गैस की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्यों ने चौपाल में बिजली के अघोषित कटों की समस्या को भी उठाया। सदस्यों ने चौपाल उपमंडल में बिजली आपूर्ति सुचारु करने का आग्रह किया। पंचायत समिति सदस्यों ने मनरेगा के कार्यों के लिए सीमेंट न मिलने पर रोष व्यक्त किया गया। बैठक में सड़कों की दयनीय हालत और मैटलिंग का कार्य गुणवत्ता से न होने पर भी रोष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र चौहान, बीडीओ डीआर चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts