
धर्मशाला/मैकलोडगंज। नवंबर माह से लापता न्यूज चैनल में कार्यरत मीडिया कर्मी का शव पुलिस ने ढूंढ निकाला है। पुलिस थाना मैकलोडगंज के विशेष दल ने शुक्रवार को पर्यटन नगरी मैकलोडगंज की पहाड़ियों में खोज अभियान छेड़कर दोपहर बाद पर्यटन स्थल त्रियूंड के पास एक नाले से मीडिया कर्मी रवि निबानापूड़ी के शव को बरामद कर लिया। एसएचओ मैकलोडगंज गुरवचन सिंह ने मीडिया कर्मी रवि का शव मिलने की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली से पर्यटन नगरी मैकलोडगंज घूमने आए एनडीटीवी न्यूज चैनल का मीडिया कर्मी रवि यहां ट्रैकिंग के दौरान लापता हो गया था। मीडिया कर्मी रवि निबानापूड़ी उर्फ (एन रवि) के लापता होने की रिपोर्ट चंडीगढ़ में रहने वाले उसके मामा बीआर कृष्णा ने दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि मैकलोडगंज घूमने आया एन रवि 23 नवंबर से लापता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना मैकलोडगंज की टीम ने धर्मकोट, गलू, त्रियूंड के साथ लगते जंगल में एन रवि को ढूंढा। लेकिन कोई खबर नहीं मिल पाई। वहीं एन रवि की माता सूगूना निबानापूड़ी ने मेल के जरिए स्पष्ट किया कि उनका बेटा 24 नवंबर के दिन मैकलोडगंज में अपनी छुट्टियां बिताने आया था। उनका कहना था कि जब से वह धर्मशाला गया, तब से उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ रहा। खोजी दल त्रियूंड व गलू मंदिर के आसपास एन रवि को तलाश कर चुका था। लेकिन बाद में बर्फबारी होने के चलते कोई कामयाबी हासिल नहीं हो सकी है।
एसएचओ मैकलोडगंज गुरवचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने शव को यहां एक नाले में पानी से बरामद किया है। मृतक के पास पहचान पत्र भी मिला, जिससे पुलिस ने शिनाख्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
