तीन पंचयतों को नहीं मिल रही गैस

चंबा। जडेरा क्षेत्र के लगभग 100 उपभोक्ताओं को रसोई गैस नहीं मिल रही है। ग्राम पंचायत जडेरा, सिलाघ्राट और कैला तक गैस की गाड़ी नहीं पहुंच रही है। उपभोक्ताओं को 30 से 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें 100 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक खर्च उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा समय की भी बर्बादी हो रही है। उपभोक्ता खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से कई बार क्षेत्र में गैस की गाड़ी भेजने की मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक क्षेत्र में गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है। उपभोक्ता मान सिंह, सुशील कुमार, अजीत, मनोज कुमार, देवेंद्र टंडन, सुधीर, विजय कुमार, हरीश बिजलवान, दर्शन सिंह, मदन कुमार, अक्षय और टेक सिंह ने बताया कि हालांकि गैस की गाड़ी तो भेजी जाती है, लेकिन यह गाड़ी इन पंचायतों से लगभग छह किलोमीटर पीछे बरौर से ही वापस लौट जाती है। इसके कारण उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाती है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि गैस सिलेंडर की गाड़ी को सिलाघ्राट तक भेजा जाए। इससे क्षेत्र के लगभग सैकड़ों उपभोक्ताओं को काफी सहुलियत मिलेगी। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आ गया है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी को सिलाघ्राट तक गैस की गाड़ी भेजने के निर्देश दिए जाएंगे।

Related posts