
धर्मशाला। कांगड़ा घाटी के लोगों को सोमवार सुबह हुई तेज बारिश से गरमी से काफी राहत मिली है। सोमवार सुबह जिला मुख्यालय धर्मशाला समेत, पालमपुर, बैजनाथ, नूरपुर और देहरा इलाके में जमकर बारिश हुई। खासकर धर्मशाला में गरज के साथ तेज बौछारें गिरीं, जिससे लोगों को बढ़ते पारे से राहत मिली है। धर्मशाला में झमाझम बारिश से नालियों में पानी भर आया। कई जगह नालियां बंद होने से पानी पत्थरों के साथ सड़कों पर बहने लगा। पिछले दिनों 37 डिग्री सेल्सियस तक चल रहा अधिकतम तापमान 29.2 तक लुढ़क गया।
उधर, कृषि विवि के मुताबिक पालमपुर में 50.8 मिलीमीटर बारिश हुई जो मक्की की बिजाई के लिए बेहतर मानी जा रही है। हालांकि दोपहर बाद धूप खिलने से फिर उमस भरी गरमी ने लोगों को परेशान किया। लेकिन दो तीन दिनों के अंतराल में रुक-रुक कर हो रही बारिश से सुबह-शाम का मौसम सुहावना होने लगा है। हालांकि बारिश से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अधिकतर लोग बारिश में भीगते हुए अपने कार्यालय पहुंचे। वहीं पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते धर्मशाला व आसपास के इलाको में तापमान में दस डिग्री तक गिरावट आ गई है। हालांकि दोपहर के बाद फिर से घाटी में तापमान में बढ़ोतरी आंकी गई। गत दिनों से कांगड़ा घाटी में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को तपती गरमी से कुछ हद तक राहत प्रदान की है। वहीं प्रदेश में तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते पड़ोसी राज्यों के पर्यटकों ने भी पर्यटन नगरी का रुख करना शुरू कर दिया है। इससे धर्मशाला शहर में रौनक बढ़ गई है।
