
शिमला। ढली स्थित मशोबरा-कुफरी क्रॉसिंग के समीप सेब से लदा ट्रक दो गाड़ियाें से टकरा गया। हादसे में तीन चालकों समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। चालकों लच्छू राम, जोगिंद्र, प्रदीप कुमार के अलावा दयाराम और नानक चंद को आईजीएमसी भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक सेब से भरा एक ट्रक नारकंडा से सूरत जा रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे जब ट्रक मशोबरा-कुफरी क्रॉसिंग की उतराई उतर रहा था तो अचानक ट्रक चालक लच्छूराम नियंत्रण खो बैठा और वाहन सामने से आ रहे सीमेंट से भरे ट्रक से जा टकराया। इस वाहन के पीछे एक छोटा ट्रक (407) आ रहा था, वह भी इससे टकरा गया। सीमेंट से भरा ट्रक और छोटा ट्रक मशोबरा रोड पर जा गिरे। इन ट्रकों में जोगिंद्र, प्रदीप कुमार, दयाराम और नानक चंद सवार थे। सेब से भरा ट्रक वहीं क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण दोनों रोड ट्रैफिक के लिए बंद हो गए। मशोबरा रोड पर दो ट्रक गिरे होने से सड़क बंद हो गई। कुफरी की ओर आने जाने वाले वाहन भी वहीं फंस कर रह गए। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। थाना ढली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
