
रुद्रप्रयाग। भारी बारिश के कारण श्रीनगर-रुद्रप्रयाग के बीच सिरोहबगड़ दोपहर दो बजे बंद हो गया, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। शाम पांच बीस पर मार्ग खुल गया। वहीं केदारघाटी को जोड़ने वाले एकमात्र मार्ग मयाली-गुप्तकाशी पर चौथे दिन भी वाहन नहीं चल पाए। मार्ग खुलने में अभी काफी दिन लग सकते हैं।
ऊखीमठ-गोपेश्वर ऊखीमठ मोटर मार्ग भी अभी नहीं खुल पाया है। क्षेत्र में गंभीर मरीजों को हायर सेंटर ले जाने में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। शुक्रवार को ऊखीमठ से गंभीर रूप से बीमार एक महिला को हेलीकॉप्टर के जरिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया। मोटर मार्गों के बंद होने से क्षेत्र में सब्जी, अखबार और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति ठप है। मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग का 50 मीटर पैच बहने से मार्ग बंद पड़ा है, जिससे केदारघाटी के लोग बेहाल हैं। लोग गांवों से आए आलू से काम चला रहे हैं। दूध भी गांवों से मंगाया जा रहा है। लोनिवि के अनुसार, यहां 18 अगस्त तक वाहनोें की आवाजाही शुरू हो पाएगी।
