तीन घंटे बंद रहेगा बाजार

मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याएं पड्डल में आयोजित करवाने के विरोध में अब व्यापार मंडल भी उतर आया है। सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसहमति से यह फैसला लिया कि प्रशासन के जन विरोधी फैसले के खिलाफ तथा नागरिक अधिकार मंच के अभियान के समर्थन में शनिवार 15 फरवरी को मंडी शहर के सभी व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक बंद रखी जाएगी। वहीं सुबह 11बजे चौहाटा बाजार में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
व्यापार मंडल मंडी की महत्वपूर्ण बैठक साईं स्वीट्स में उपाध्यक्ष नीतिन कपूर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें व्यापार मंडल से संबंधित शहर की सभी संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन के सांस्कृतिक संध्याओं को पड्डल में आयोजित करने के फैसले से व्यापारी वर्ग को नुकसान हो रहा है। इस बारे में सभी व्यापारिक प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आगाह किया कि वे व्यापारिक हितों के खिलाफ फैसले लेना बंद करें।
व्यापार मंडल के महासचिव राजेश महेंद्रू के अनुसारक अधिकतर व्यापारियों का यह मानना है कि शिवरात्रि मेलों में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन पड्डल में करने से स्थानीय व्यापारी वर्ग का काफी नुकसान होता है। मेलों के दौरान तो शहर का व्यापारी वर्ग मंदी की मार झेलता ही है। वहीं मेले समाप्त होने के बाद भी पड्डल मैदान में बाहरी व्यापारियों के जमे रहने से स्थानीय व्यापारी वर्ग को काफी नुकसान उठाना पड़ता है। यदि सांस्कृतिक संध्याएं सेरी मंच पर करवाई जाएं तो व्यापारी वर्ग की काफी क्षतिपूर्ति तो होती ही है तथा शहर में भी रौनक रहती है। सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकमत से नागरिक अधिकार मंच द्वारा पिछले एक माह से सांस्कृतिक संध्याओं को सेरी मंच पर करवाने के अभियान का भी समर्थन किया है। वहीं जिला प्रशासन से यह मांग की है कि सांस्कृतिक संध्याओं को सेरी मंच पर ही आयोजित किया जाए। इस बैठक में राजेश महेंद्रू, सीता राम, अशोक कुमार, आशुतोष पाल, महेश पुरी, किरणवीर, हरविंद्र पाल, अश्वनी कुमार, नरेंद्र बिंटा, पप्पू भाई और हरमीत सिंह बिट्टू आदि मौजूद रहे।

Related posts