तीन गुमशुदा लड़कियां बरामद

बिलासपुर। लड़कियों की गुमशुदगी के अलग-अलग मामलों की जांच कर रही पुलिस के लिए शुक्रवार का दिन सफलता भरा रहा। विभिन्न थानाें में दर्ज हुए मामलों की गहनता से छानबीन कर रही पुलिस ने शुक्रवार को तीन लड़कियों को बरामद कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा ने बताया कि गत 26 जून को सदर थाना में एक लड़की की गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ था। परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी लड़की 24 जून को आईटीआई का प्रोस्पेक्टस लाने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। अपने स्तर पर उसे ढूंढने के प्रयास नाकाम होने पर उन्हाेंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। शुक्रवार को उक्त लड़की को सदर थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
वहीं, बरमाणा थाना में गत 19 अगस्त को एक लड़की के परिजनों ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि सुबह लड़की अपने कमरे में नहीं थी। वह बिना बताए ही कहीं चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर बरमाणा थाना में आईपीसी की धारा 363 व 366 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार को लड़की को दाड़ला मोड़ से बरामद कर लिया गया। एसपी कपिल शर्मा ने बताया कि इसी तरह के एक अन्य मामले में गत 21 अगस्त को एक महिला ने तलाई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार उसकी बेटी 18 अगस्त को घर से कहीं चली गई थी, जिसका कोई पता नहीं है। पुलिस ने शुक्रवार को उक्त लड़की को भी बरामद कर लिया। उसे भी परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related posts