
हल्द्वानी। सोना 33 हजार के पार क्या पहुंचा कि लोगों ने आम जरूरतें पूरा करने के लिए तिजोरियों से निकालकर सोना कैश करा लिया। हल्द्वानी बाजार में सात दिन से छह करोड़ रुपये का सोना तिजोरियों से निकलकर दुकानों पर पहुंच चुका है। सोना बड़े व्यापारी खरीद रहे हैं। उतार-चढ़ाव में घाटा न पड़े, इसके मद्देनजर छोटे सर्राफा सोना खरीदने में हाथ नहीं डाल रहे हैं।
गोल्ड की रफ्तार से भले ही सोना आम आदमी की पहुंच से दूर हो गया है। ग्राहक भी बाजार से गायब हैं, लेकिन जिनके पास सोना है वे लोग तिजोरियों में बंद सोना महंगे दामों में बेच रहे हैं। सस्ते में खरीदा सोना महंगा होकर दर्जनों लोगों की जरूरतें पूरा करा रहा है। सर्राफा कारोबारियों का कहना है सोना वे लोग बेचने आ रहे हैं जिनके काम अटके हैं और जिन्हें रुपयों की जरूरत हैं। पटेल चौक के सोना व्यापारी दिगंबर वर्मा कहते हैं कि सोना खरीदने तो नहीं के बराबर ग्राहक आ रहे हैं, लेकिन सोना बेचने दिनभर में उनके पास आठ-दस लोग आ जाते हैं, वहीं हल्द्वानी बाजार में सोना 35 हजारी होकर 33 हजार पहुंच गया, लेकिन ग्राहक अभी भी सोना खरीदने बाजार में नहीं पहुंच रहा है।
