ताला तोड़ डेढ़ लाख की नकदी और गहने उड़ाए

नेरचौक (मंडी)। सदर तहसील के अंतर्गत त्रैंयाबली गांव में चोर एक मकान का ताला तोड़ कर लाखों की नकदी और सोने के जेवरात उड़ा कर ले गए। वारदात के समय घर में कोई नहीं था। बल्ह थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
त्रैंयाबली गांव निवासी सुनीता देवी पत्नी योग राज ने बल्ह पुलिस थाना में चोरी की शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह पंद्रह दिन के लिए अपनी बेटी के यहां कांढा गई थी। गत बुधवार शाम वापस लौटी तो घर का ताला टूटा देख कर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में जाकर देखा तो चोरों ने गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़ कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने के गहने चुरा लिए थे। चुराए गए गहनों में टिका, बेसरी, अंगूठी, कांटे और मंगलसूत्र शामिल था। चोरी की सूचना मिलते ही बल्ह थाना प्रभारी ओम राम की अगुवाई में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी चोरी मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts