तालाब में 72 वर्षीय वृद्धा का शव मिला

अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के अंतर्गत महादेव गाड़ के तालाब में शुक्रवार को दिन में मटेनागांव के वैज्यूला तोक निवासी 72 वर्षीय वृद्धा का शव पड़ा मिला है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मटेना गांव के वैज्यूला तोक निवासी पनुली देवी (72) पुत्री हर सिंह शुक्रवार सुबह घर से निकली थी। दिन में क्षेत्र के कुछ लोग महादेव गाड़ में नहाने गए थे। उन्होंने महादेव गाड़ के तालाब में महिला का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त पनुली देवी के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई विनोद फर्त्याल ने बताया कि पनुली देवी शादी के बाद से ही पिछले 40 साल से वैज्यूला तोक में अपने भाइयों के साथ रहती थी। महिला के शव में चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Related posts