
काशीपुर। बुधवार को तहसील, सब रजिस्ट्रार और कोषागार में अधिकारियों कर्मचारियों ने सुबह ठीक 10 बजे काम काज शुरू कर दिया। इससे वहां पहुंचे फरियादियों को जहां राहत मिली वहीं कर्मचारियों का दिनभर का काम भी अपडेट हो गया। लोगों ने ‘अमर उजाला’ को जमकर सराहा।
सोमवार को ‘अमर उजाला’ ने बीते मंगलवार को तहसील, सब रजिस्ट्रार और कोषागार में कर्मचारियों और अधिकारियों की लेटलतीफी का हाल ‘न नायब, न तहसीलदार सब फरार’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद उच्चाधिकारियों से मिली फटकार और शर्म के बाद बुधवार को सभी अधिकारी और कर्मचारी राइट टाइम हो गए। सब रजिस्ट्रार कार्यालय में तो रजिस्ट्री का काम काज तक शुरू हो चुका था।
अलबत्ता काशीपुर और पैगा क्षेत्र के नायब तहसीलदार सुबह 10.15 बजे तक जरूर गैरहाजिर रहे। वहीं प्रभारी तहसीलदार अतिक्रमण हटाओ अभियान में भाग लेने रवाना हो गए थे। वहां पहुंचे फरियादियों का कहना था कि उन लोगों ने कई बार इस बारे में उच्चाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी की, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। अमर उजाला की इस पहल से सबका काम आसान हो गया है।
