
चंपावत। जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक राजबुंगा किला परिसर में स्थित तहसील में एसडीएम सदर का कार्यालय शुरू हो गया है। एसडीएम सदर नरेश दुर्गापाल ने नए कार्यालय में कामकाज भी शुरू कर दिया है। हालांकि नए कार्यालय भवन का औपचारिक उद्घाटन 23 दिसंबर को संसदीय सचिव विधायक हेमेश खर्कवाल और डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी करेंगे। शनिवार को राजस्वकर्मियों ने एसडीएम सदर कार्यालय परिसर के आसपास श्रमदान के जरिए पत्थर हटाए और झाड़ियों का कटान किया।
चंपावत के ठीक मध्य में स्थित राजबुंगा किले में ब्रिटिश काल के दौरान वर्ष 1872 में तहसील की स्थापना हुई थी। तहसील परिसर में पूर्व तक में कोषागार का संचालन भी होता था। एसडीएम सदर के नए कार्यालय के साथ ही तहसील परिसर में स्थित मंदिर में भी रंगरोगन किया जा रहा है। एसडीएम सदर ने बताया कि अब सभी कार्य तहसील से ही संपादित होंगे। शनिवार को श्रमदान करने वालों में विनोद प्रकाश वर्मा, शंकर वर्मा, हरीश जोशी, जीवन चौधरी, राजेंद्र कुमार, केशव पलसांई, गुंसाई सिंह किरौला, सुरेश राम शामिल रहे।
