तहसील बचाने पर विधानसभा अध्यक्ष सहमत

हल्द्वानी। विरासत बचाओ अभियान में ऐतिहासिक तहसील भवन के संरक्षण के लिए विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल भी आगे आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा है कि तहसील भवन कोलोनियल वास्तुकला एवं कुमाऊं में भू राजस्व व्यवस्था की शुरुआत का प्रतीक रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुंजवाल ने मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से तहसील भवन के ध्वस्तीकरण प्रस्ताव को निरस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने का आग्रह किया है। यहां बता दें कि पिछले दिनों इस ऐतिहासिक भवन को बचाने के लिए आरटीआई कार्यकर्ता गुरविंदर सिंह चड्ढा, हेमंत गौनिया, नवीन कपिल, विशंभर कांडपाल, हुकुम सिंह कुंवर, मोहन पाठक समेत हजारों क्षेत्रवासियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया था। अभियान में वित्तमंत्री डा. इंदिरा हृदयेश, दुग्ध विकास मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, विधायक भीमताल दान सिंह भंडारी, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत समेत तमाम नेताओं का समर्थन मिला था। जनसमर्थन के चलते ही स्थानीय प्रशासन ने आईआईटी रुड़की की टीम से तहसील भवन का सर्वे कराने का आश्वासन दिया था।

Related posts