
पुरोला। रामासिंराई पट्टी के कई गांवों की महिलाओं ने प्रशासन पर आपदा राहत सामग्री वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए तहसील पर प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने सीएम से मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की और ऐसा न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को क्षेत्र के गुंदियाटगांव, कंडियालगांव, महरगांव, लम्कोटी, मठ आदि गांव की महिलाएं तहसील पहुंची और धरना दिया। उन्होंने राहत सामग्री वितरण में बंदरबांट करने का आरोप लगाया। कहा कि राहत सामग्री वितरण में कोई भी मानक तय नहीं किया गया है। राहत सामग्री के पैकेट अधिकांश अमीर लोगों को वितरित किए गए। धरने पर श्याम देवी, शांति देवी, गुलाबी देवी, श्यामप्यारी और ऊषा आदि शामिल रहे। एसडीएम राजकुमार पांडेय ने बताया कि पटवारियों की रिपोर्ट के आधार पर राहत सामग्री का वितरण किया गया।
