
चंपावत/लोहाघाट/टनकपुर। सितंबर के पहले मंगलवार को जिले की सभी तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 14 शिकायतें पंजीकृत की गई। डीएम ने अधिकारियों को तहसील दिवस में उठने वाली सभी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी जेेके तिवारी, सीएमओ हरीश चंद्रा, एसडीएम अभिषेक त्रिपाठी सहित सभी विभागों के अधिकारी और फरियादी उपस्थित रहे।
टनकपुर तहसील दिवस में 29 समस्याएं दर्ज हुई और दो समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण हुआ। एसडीएम जसवंत सिंह राठौर की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में लो वोल्टेज, पेयजल, मार्गों के मरम्मत, विधवा पेंशन, राशन कार्ड और आदि से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठी। पाटी और लोहाघाट में आयोजित तहसील दिवस में 15 शिकायतें दर्ज की गई। दोनों तहसीलों में पिछली शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। पाटी में प्रभारी तहसीलदार बीएस माहरा की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में एक दर्जन शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें पेयजल, विद्युत, कन्याधन योजना से लाभान्वित करने, अटल आवास आदि समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गई। इस अवसर पर बीईओ जगत सिंह मर्तोलिया, वीएस डा.कमल पंत, अभियंता मुकेश जुकरिया समेत अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। लोहाघाट में नायब तहसीलदार हरसिंह रजवार की अध्यक्षता में तीन शिकायतें दर्ज की गई। जिसमें समाज कल्याण विभाग से पेंशन दिलाने, कनेड़ी गांव में मोडक्स हैंड पंप लगाने तथा बिजली विभाग से संबंधित समस्या दर्ज की गई।
