
हल्द्वानी। तहसीलदार संवर्ग में प्रमोशन के साथ तबादले होने से नैनीताल जिले की चार तहसीलें खाली हो गई हैं। पदोन्नत अफसर नैनीताल जिले से रिलीव हो गए हैं। तहसीलदारों के पद खाली होने से जिलाधिकारी ने वैकल्पिक व्यवस्था से नायब तहसीलदारों को तहसीलदार का चार्ज सौंप दिया है।
उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों की तहसीलों में तैनात 2005 बैच के तहसीलदारों का नौ जुलाई को प्रमोशन हो गया है। साथ ही तहसीलदारों को अलग-अलग जिलों में उपजिलाधिकारी का दायित्व देकर तबादला भी कर दिया। प्रमोशन लिस्ट में नैनीताल जिले के चार तहसीलदार शामिल हैं, इनमें हल्द्वानी के तहसीलदार एपी वाजपेयी को चमोली, नैनीताल के तहसीलदार परितोष वर्मा को टिहरी, तहसीलदार कालाढूंगी रिंकू नेगी को अल्मोड़ा, रामनगर के तहसीलदार विजय नाथ शुक्ला को उत्तरकाशी में एसडीएम बनाया गया।
इसके बाद हल्द्वानी के तहसीलदार का दायित्व नायब तहसीलदार महेश लाल को सौंपा गया है। नैनीताल और रामनगर तहसीलों में नायब तहसीलदाराें को प्रभारी तहसीलदार बनाया गया है। कालाढूंगी तहसील में अभी तक चार्ज नहीं सौंपा गया है। सोमवार को हल्द्वानी के प्रभारी तहसीलदार महेश लाल को कालाढूंगी का भी अतिरिक्त चार्ज मिलने की संभावना है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह हयांकी ने बताया कि तहसीलदारों की तैनाती को लेकर शासन को अवगत कराया गया है। वैकल्पिक व्यवस्था से प्रभारी तहसीलदार बनाए गए हैं।
