
मनीलाः भीषण चक्रवाती तूफान ‘हैयान’ को फिलीपींस से गुजरे पांच दिन बीत गए हैं लेकिन तबाह हुए ताकलोबान शहर और आस पास के इलाकों में राहत सामग्री की आपूर्ति की कमी ने भूखे प्यासे लोगों को इतना बौखला दिया है कि वे अब लूटपाट पर उतारू हो गए हैं।
तूफान ने खेतों में खडी फसल को भी तबाह कर दिया है जिससे लोगों में भविष्य के प्रति कोई आशा नहीं है और इससे पूरे माहौल में अराजकता व्याप्त हो गई है। जगह-जगह लोगों ने आज कहीं गोदामों को लूटा तो कहीं जमीन के अंदर बिछी पाइप लाइन को तोड़कर अपनी प्यास बुझाने की कोशिश की। लोगों ने दवाइयों की लूट भी शुरू कर दी है।
तूफान प्रभावित इलाकों में जगह जगह बच्चे और जवान हाथ में तख्ती लिए सड़क के किनारे खडे़ हैं। इन तख्तियों पर मदद की गुहार लिखी हुई है। आवश्यक सामग्रियों की कमी के कारण लोगों में गुस्सा और निराशा भरी है। मध्यवर्ती फिलीपीन्स के शहरों तथा कस्बों के लोग राहत सामग्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस घोर निराशा के कारण ही यहां के एक चावल भंडार में की गई लूटपाट में कम से कम आठ लोग दबकर मर गए।
राष्ट्रीय खाद्य प्राधिकरण के प्रवक्ता ने आज इस घटना की पुष्टि की है। इस तूफान के कारण तबाह हुए ताकलोबान शहर से 17 किलोमीटर दूर स्थित अलांगालांग शहर में चावल के भंडारघर में लोगों की हुजूम कल जबरन घुस गया। इस भगदड़ में भंडारघर की एक दीवार गिर गई और उसमें दबकर आठ लोगों की तत्काल मौत हो गई।
