तरेहल में युवक ने जहर खाकर दी जान

बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ की तरेहल पंचायत में एक अविवाहित युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक को मोबाइल पर कोई कॉल आई। काफी देर तक मोबाइल पर बात करने के बाद उसने इस तरह का कदम उठा लिया। पुलिस केस दर्ज कर वारदात के कारणों का जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नोरी गांव में 22 वर्षीय अविवाहित प्रवीण कुमार पुत्र प्यार चंद की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने उपमंडलीय चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रवीण कुमार ने वीरवार देेर रात को घर में ही किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना का पता चलते ही देर रात को प्रवीण को उपमंडलीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया और सुबह प्रवीण कुमार की मौत हो गई। मृतक ने जमा दो तक पढ़ाई की थी और वर्तमान में गांव में ही निजी कार्य करता था। सूत्रों केअनुसार देर रात को प्रवीण मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था और उसके बाद ही उसने ऐसा कदम उठाया है। मोबाइल फोन पर हुई बातचीत को लेकर कॉल डिटेल जांच के बाद घटना के संबंध में पता चलने की उम्मीद है। मृतक का 25 वर्षीय बड़ा भाई अवैरी में निजी व्यवसाय करता है और उसी ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।

सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत मोटरसाइकिल की टक्कर से एक व्यक्ति की टांडा में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के मुताबिक श्याम बिहारी ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि जनयारा कालेश्वर में मोटरसाइकिल ने चुहारु राम को टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित को घायलावस्था में टांडा स्थित मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां पर चुहारु राम की मौत हो गई। एचएचओ सुरेन्द्र ठाकुर के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

एचआरटीसी बस ने किया कुचलने का प्रयास
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। स्थानीय शहर के निवासी सीनियर सिटीजन ओंकार चंद सूद ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट पर नादौन की तरफ जा रही निगम की धर्मशाला-परवाणू ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया। वह अपनी पत्नी सहित स्कूटी पर नादौन मार्ग पर बानुए दा खुह गांव तक जा रहे थे कि अंब डोली के पास नेशनल हाईवे का सड़क कार्य चला होने के कारण वह स्कूटी धीरे-धीरे चलाते हुए जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार बस ने उन्हें तंग पुलिया पर ओवरटेक किया। आगे गड्ढा होने पर स्कूटी को ब्रेक लगानी पड़ी, जबकि आसपास कोई जगह नहीं थी। आरोप है कि बस चालक ने जानबूझ कर पिछले टायर से ओवरटेक करते हुए उन्हें कुचलने की कोशिश की। इसके बाद उनसे चालक ने दुर्व्यवहार भी किया। एचएचओ सुरेंद्र ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।

Related posts