तमलेड़ गांव के ऊपर दरक रही पहाड़ी

सरकाघाट (मंडी)। जिले में बरसात का कहर थम नहीं रहा है। उपमंडल सरकाघाट की पटड़ीघाट पंचायत के तमलेड़ गांव पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। गांव के ऊपर पहाड़ी दरकने से कई मकान खतरे में हैं। चार घरों को खाली करवा दिया गया है। जबकि, गांव के एक दर्जन अन्य मकान भी खतरे की जद में हैं। प्रशासन ने चार घरों को खाली करवाकर प्रभावितों के ठहरने तथा खाने-पीने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है। जानकारी के मुताबिक गांव के ऊपर करीब 300 मीटर लंबी और 200 मीटर चौड़ी पहाड़ी दरक रही है। इससे पूरे गांव के वजूद को खतरा पैदा हो गया है। एक ओर पहाड़ी दरक रही है, वहीं गांव के ऊपर सड़क को चौड़ा करने के कार्य से निकला मलबा भी गांव के लिए तबाही का इशारा कर रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क को चौड़ा करते समय मलबे को रोकने के लिए लोनिवि से आग्रह किया था। ठेकेदार तथा विभाग ने सेफ्टीवाल लगाने का आश्वासन तो दिया, लेकिन किया कुछ भी नहीं। वहीं, पंचायत प्रधान टेक चंद ने बताया कि सड़क के ऊपर एक विशालकाय पत्थर भी है, जो कभी भी गिर सकता है। इधर, एसडीएम रोहित राठौर ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को उचित राहत प्रदान की जाएगी। प्रभावित परिवारों को गार्ड हट में ठहरने एवं खाने की व्यवस्था कर दी गई है।

इनके घरों को करवाया खाली
प्रशासन ने चिंतो देवी, रत्न चंद, हरदेई तथा चिंत राम के घरों को खाली करवा दिया है। सभी प्रभावित परिवार के सदस्यों को गार्ड हट में ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गांव के बृज लाल, हरदेई, मनोहर लाल, लालमन, जगदीश, भूप सिंह, अनंत राम सहित एक दर्जन परिवारों को खतरा बना हुआ है।

Related posts