तकनीकी महाविद्यालय खोलने पर बवाल

शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत बरठीं में तकनीकी विश्वविद्यालय खोलने पर यहां बवाल खड़ा हो गया है। कलोल में बाकायदा पूर्व भाजपा सरकार ने जगह चिन्हित की थी। तत्कालीन विधानसभा उपाध्यक्ष रिखी राम कौंडल ने बाकायदा इसका शिलान्यास भी किया। अब तकनीकी महाविद्यालय बरठीं में खोलने की बात कही जा रही है। इसे भाजपाइयों ने राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है।
कलोल क्षेत्र के लोगों ने इसका विरोध किया है। रविवार को ग्राम पंचायत जेंजवी में भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य व भड़ोलियां पंचायत के प्रधान प्यार चंद शर्मा की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। इसमें प्यार चंद ने कहा कि कांग्रेस सरकार भेदभाव की नीति से कार्य कर रही है। पहले योजनाओं के नाम बदले। अब भाजपा के कार्यकाल में खोले गए कालेजों के स्थान बदलना शुरू कर दिए है। काग्रेंस पिछडे़ क्षेत्रों के उत्थान के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं व दावे करती हैं, लेकिन हकीकत में यह मात्र कांग्रेस पिछडे़ क्षेत्रों से वोट हासिल करने का छल करती है। भाजपा सरकार ने पिछड़ा क्षेत्र कोटधार के उत्थान के लिए कलोल में एक तकनीकी महाविद्यालय खोलकर क्षेत्र के उत्थान के लिए पहल की थी। बदले की भावना से कार्य करते हुए सरकार ने इसका भी स्थान बदल दिया। इस बैठक में कलोल वार्ड से जिला पार्षद अनीता देवी, पंचायत समिति से सदस्य प्रकाश सिंह बादल, जेंजवी के प्रधान राजेश कु मार शर्मा, काशी राम, राजेंद्र कुमार, ठाकुर विजय राम, इंद्र सिंह धीमान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपाइयों ने चेतावनी दी है कि यदि तकनीकी महाविद्यालय का स्थान बदला गया तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।

Related posts